पीएम मोदी ने जादवपुर में टीएमसी पर किया तीखा हमला, भाजपा के समर्थन का किया दावा
प्रधानमंत्री मोदी का जादवपुर में संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के जादवपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के हर नागरिक का समर्थन भाजपा की सरकार के लिए है। इस अवसर पर, उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर भी कड़ा प्रहार किया।
रैली में पीएम मोदी ने कहा, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो लोग धूप में तप कर रहे हैं, उनका तप व्यर्थ नहीं जाएगा। मैं इस क्षेत्र का विकास करके आपके इस तप को ब्याज सहित लौटाऊंगा।"
पहले चरण के मतदान के संदर्भ में, पीएम मोदी ने कहा, "देश की आजादी के बाद ऐसा मतदान कभी नहीं देखा गया। हर जगह चर्चा है कि भाजपा को जनता का समर्थन प्राप्त है। आज बंगाल के छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारी तक भाजपा के साथ हैं। टैक्सी चालकों से लेकर रिक्शा चालकों तक सभी भाजपा की सरकार का समर्थन कर रहे हैं। नाव चलाने वाले हों या नाम कमाने वाले, हर कोई भाजपा के भरोसे पर परिवर्तन के लिए तैयार है। सरकारी कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी उज्जवल बंगाल के लिए मैदान में हैं। शिक्षकों, वकीलों और डॉक्टरों ने भी भाजपा का समर्थन किया है।"
पीएम मोदी ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा, "पिछले 15 वर्षों में टीएमसी ने बंगाल को केवल लूटने का काम किया है। भ्रष्टाचार का कोई ऐसा मामला नहीं है, जिसमें टीएमसी शामिल न हो। इसलिए बंगाल की जनता कह रही है कि भर्ती घोटाला, चिटफंड घोटाला, कोयला खनन घोटाला, बालू खनन घोटाला, गरीबों के राशन की लूट, तस्करों को छूट और कमीशन का खेल अब नहीं चलेगा।"
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने टीएमसी पर हमला किया। उन्होंने कहा, "भाजपा का मानना है कि जब बेटियां सशक्त होंगी, तब समाज भी सशक्त होगा। हम हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। लेकिन कुछ दिन पहले संसद में टीएमसी और उसके सहयोगियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया। देश चाहता है कि राजनीति में बेटियों की भागीदारी बढ़े, लेकिन टीएमसी इसके खिलाफ है।"
जादवपुर यूनिवर्सिटी का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "इस यूनिवर्सिटी का नाम विश्वभर में सम्मान से लिया जाता था। लेकिन आज यहां की स्थिति देखिए, कैंपस में धमकियां दी जा रही हैं और छात्र पढ़ाई के बजाय सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "जो सरकार अपने राज्य के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान को नहीं बचा सकती, वह बंगाल का भविष्य क्या बचाएगी।"
जादवपुर की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कमल छाप पर दिया आपका हर वोट दवाई, सिंचाई और सुनवाई की आजादी देगा। यह वोट बंगाल को फिर से भारत का नंबर 1 राज्य बनाएगा।"