पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के लिए मांगा आशीर्वाद
प्रधानमंत्री मोदी का बंगाल दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा की जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। हल्दिया में एक जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं है, बल्कि बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने का अवसर है। यह एक विकसित बंगाल की नींव रखने का चुनाव है, और इसका पहला कदम निर्मम सरकार को हटाना होगा। इस अवसर पर, पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी सतीश चंद्र सामंता को याद करते हुए राज्य की जनता को 6 गारंटी दीं।
अपने भाषण में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुलामी के समय में सतीश चंद्र सामंता ने अंग्रेजों की सत्ता को हिलाकर रख दिया था। आज, मैं पश्चिम बंगाल को 6 गारंटियां देता हूं। पहली गारंटी- भाजपा सरकार बंगाल में भय के स्थान पर भरोसा स्थापित करेगी और कानून पर विश्वास लौटाएगी। दूसरी गारंटी- भाजपा सरकार में सरकारी तंत्र जनता की सेवा के प्रति जवाबदेह होगा। तीसरी गारंटी- हर घोटाले, बेटियों के साथ हुए अन्याय और हर बलात्कार के मामले की फाइल खोली जाएगी।
चौथी गारंटी में उन्होंने कहा कि टीएमसी के शासन में जो भी भ्रष्टाचार करेगा, उसे जेल में जाना होगा। चाहे वह मंत्री हो या संतरी, कानून सभी का हिसाब करेगा। टीएमसी का कोई गुंडा कानून से बच नहीं पाएगा। हम टीएमसी को जनता का धन लूटने नहीं देंगे।
पश्चिम बंगाल की जनता को 5वीं गारंटी देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'जो शरणार्थी हैं, उन्हें संविधान के तहत सभी अधिकार मिलेंगे, लेकिन घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा। उन्हें भारत में नहीं रहने दिया जाएगा।' छठी गारंटी में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सभी सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल की जनता से अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन गारंटियों को ध्यान में रखते हुए 23 अप्रैल को भारी मतदान करना है। हर बूथ पर भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि हमारा सिद्धांत और मंत्र है 'सबका साथ-सबका विकास'। हम इसके प्रति प्रतिबद्ध हैं। लेकिन बंगाल में एक और वादा करता हूं कि सबका साथ-सबका विकास और बंगाल में लुटेरों का हिसाब होगा।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल ने इस बार हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का निर्णय लिया है। भाजपा की विजय, इस उत्साह और उमंग में स्पष्ट दिखाई देती है। यह परिवर्तन की आंधी है। यह टीएमसी की निर्मम सरकार के जाने का संकेत है।