×

पीएम मोदी ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि राजमाता ने जनसंघ और भाजपा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोदी ने उनके विचारों को प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि उनका सपना एक सशक्त भारत का है, जिसे आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से पूरा किया जाएगा। अन्य नेताओं ने भी राजमाता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को सराहा।
 

राजमाता विजयाराजे सिंधिया को नमन

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि राजमाता ने जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। समाज सेवा में उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने जनसंघ और भाजपा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विजयाराजे सिंधिया जी हमारी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति गहरी आस्था रखती थीं और उन्हें संरक्षित करने के साथ-साथ उन्हें लोकप्रिय बनाने के लिए सदैव कार्यरत रहीं।


प्रधानमंत्री ने एक 1 मिनट 19 सेकंड का वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पिछली शताब्दी में भारत को दिशा देने वाले कुछ प्रमुख व्यक्तित्वों में राजमाता विजयाराजे सिंधिया का नाम शामिल है। उन्होंने कहा कि राजमाता केवल वात्सल्य की मूर्ति नहीं थीं, बल्कि एक निर्णायक नेता और कुशल प्रशासक भी थीं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजादी के बाद के कई महत्वपूर्ण पड़ाव देखे और अपना जीवन जनसेवा में समर्पित किया।


पीएम मोदी ने आगे कहा कि राजमाता राजपरिवार से होने के बावजूद, उन्होंने एक मां की तरह जनसेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत राजमाता का सपना था, जिसे हम आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से पूरा करेंगे। राजमाता की प्रेरणा हमारे साथ है।


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने अपने जीवन का हर क्षण लोक कल्याण के लिए समर्पित किया। यह मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे उनका स्नेह और आशीर्वाद मिला। जनसंघ और भाजपा को उन्होंने जिस सेवा भाव से सशक्त बनाया, वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि राजसी वैभव को त्यागकर जनसेवा और राष्ट्रवादी विचारधारा के सशक्तीकरण हेतु अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाली, भाजपा की संस्थापक सदस्य, राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।


केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा कि सेवा, त्याग और सादगी की प्रतिमूर्ति, भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य, राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन अर्पित करता हूं। उनके अद्वितीय प्रयास सशक्त भारत के निर्माण में प्रेरणादायी हैं।