पुतिन का दावा: यूक्रेन के दो शहरों में घेराबंदी, यूक्रेन ने किया खंडन
पुतिन का बयान और यूक्रेन का खंडन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को यह दावा किया कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के दो महत्वपूर्ण पूर्वी शहरों में यूक्रेनी सेना को घेर लिया है और उनसे आत्मसमर्पण करने का अनुरोध किया है। हालांकि, यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
पुतिन ने मॉस्को के एक सैन्य अस्पताल में घायल सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि रूसी सेना यूक्रेन और पश्चिमी देशों के पत्रकारों के लिए सुरक्षित गलियारे खोलने को तैयार है, ताकि वे घटनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें।
रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में यूक्रेन के एक महत्वपूर्ण गढ़ पोक्रोवस्क और उत्तर-पूर्वी खार्किव क्षेत्र के एक प्रमुख रेल जंक्शन कुपियांस्क में यूक्रेनी सैनिकों को घेर लिया गया है।
हालांकि, यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने पुतिन के दावों को मनगढ़ंत और काल्पनिक बताया। यूक्रेन की पूर्वी सेना के प्रवक्ता ह्रीहोरी शापोवाल ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि पोक्रोवस्क में स्थिति ‘कठिन लेकिन नियंत्रण में’ है।
यूक्रेनी सेना की ‘7वीं रैपिड रिएक्शन कोर’ ने यह जानकारी दी है कि रूस ने शहर को घेरने के लिए लगभग 11,000 सैनिकों को तैनात किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ रूसी सैन्य इकाइयां पोक्रोवस्क में घुसपैठ करने में सफल रही हैं.
पुतिन ने यह भी संकेत दिया कि रूस इन दोनों शहरों में मौजूद यूक्रेनी सैनिकों के आत्मसमर्पण के बदले कोई समझौता करने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के दौरे से यह स्पष्ट होगा कि घेराबंदी में फंसे यूक्रेनी सैनिकों की स्थिति क्या है और यूक्रेन का राजनीतिक नेतृत्व अपने नागरिकों के भविष्य के बारे में सही निर्णय ले सकेगा।
वाशिंगटन के एक थिंक टैंक ‘इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर’ ने मंगलवार रात कहा कि रूसी सेना पोक्रोवस्क क्षेत्र में आगे बढ़ी है, लेकिन पोक्रोवस्क शहर के भीतर किसी भी मोर्चे पर उनका नियंत्रण नहीं है। कुपियांस्क की स्थिति पर पूछे जाने पर, यूक्रेन के संयुक्त बल कार्यबल के प्रवक्ता विक्टर त्रेहुबोव ने कहा कि पुतिन का दावा वास्तविकता से मेल नहीं खाता।