×

पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर के दौरान 32 घंटे का युद्धविराम घोषित किया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ऑर्थोडॉक्स ईस्टर के अवसर पर 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की है। यह कदम यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के शत्रुता को रोकने के आह्वान के बाद उठाया गया। जानें इस घोषणा के पीछे की वजहें और यूक्रेन की प्रतिक्रिया।
 

पुतिन का युद्धविराम आदेश

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन में 'ऑर्थोडॉक्स ईस्टर' के अवसर पर 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। यह कदम यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा शत्रुता को कुछ समय के लिए रोकने के आह्वान के बाद उठाया गया।


पुतिन के आदेश के अनुसार, रूसी सेनाओं को शनिवार शाम चार बजे (स्थानीय समय) से रविवार शाम तक युद्धविराम का पालन करने का निर्देश दिया गया है।


जेलेंस्की ने सप्ताह की शुरुआत में सुझाव दिया था कि दोनों पक्ष छुट्टियों के दौरान एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद करें। उन्होंने यह प्रस्ताव अमेरिका के माध्यम से पेश किया, जो रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कर रहा है। यह युद्ध अब अपने पांचवे वर्ष में प्रवेश कर चुका है।


पुतिन की इस घोषणा पर यूक्रेन की ओर से कोई तात्कालिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछले वर्ष ईस्टर पर भी पुतिन ने एकतरफा 30 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की थी, लेकिन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर इसके उल्लंघन का आरोप लगाया था।


क्रेमलिन का बयान

युद्धविराम की घोषणा करते हुए क्रेमलिन ने कहा कि 'इस अवधि के दौरान सभी सीमाओं पर शत्रुता पर रोक के आदेश जारी किए गए हैं।' साथ ही यह भी कहा गया है कि 'सैनिकों को दुश्मन द्वारा किसी भी संभावित उकसावे और आक्रामक कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए तैयार रहना होगा।'


आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है, 'हमें उम्मीद है कि यूक्रेनी पक्ष रूसी संघ के उदाहरण का अनुसरण करेगा।'