प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया
नई दिल्ली में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर दिल्ली भाजपा को नया कार्यालय प्राप्त हुआ है, जो नए सपनों और संकल्पों से भरा हुआ है। उन्होंने दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना को 45 वर्ष पूरे हो चुके हैं। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नाना जी देशमुख, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, मुरली मनोहर जोशी जैसे कई महान व्यक्तित्वों के आशीर्वाद से पार्टी ने प्रगति की है। भाजपा का बीज अक्टूबर 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के रूप में बोया गया था। उसी समय दिल्ली जनसंघ को वैद्य गुरुदत्त जी के रूप में अपना पहला अध्यक्ष मिला था।
उन्होंने आगे कहा कि 1980 में भाजपा की स्थापना के समय वीके मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का पहला अध्यक्ष बनाया गया। आज दिल्ली भाजपा की मजबूती हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और मेहनत का परिणाम है। केदारनाथ साहनी, साहिब सिंह वर्मा, मदनलाल खुराना जैसे कई दिग्गज नेताओं ने हमें सेवा का मार्ग दिखाया। अरुण जेटली और सुषमा स्वराज जैसे व्यक्तित्वों ने पार्टी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। दिल्ली और भाजपा का संबंध केवल एक शहर और पार्टी का नहीं है, बल्कि यह सेवा, संस्कार और सुख-दुख का साथी है। पहले जनसंघ के रूप में और फिर भाजपा के रूप में, हमारी पार्टी दिल्ली के दिल से जुड़ी रही है।
पीएम ने कहा कि दिल्ली और भाजपा का संबंध केवल एक शहर और पार्टी का नहीं है। यह संबंध सेवा, संस्कार और सुख-दुख का साथी है। आपातकाल के दौरान, दिल्ली के लोगों के साथ जनसंघ के नेताओं ने सत्ता के दमन के खिलाफ संघर्ष किया। 1984 में हुए सिख दंगों के दौरान, दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हमारे सिख भाइयों की रक्षा की। दिल्ली और भाजपा का संबंध एक भावना और विश्वास का है।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए भाजपा कार्यालय किसी देवालय से कम नहीं है। ये कार्यालय केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि पार्टी को जन-अपेक्षाओं से जोड़ने वाली मजबूत कड़ियां हैं। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए सरकार में है। ये कार्यालय इसी चेतना को जागृत रखते हैं। एनडीए सरकारों ने देश में सुशासन का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है। हम विकास और विरासत के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और बड़े घोटालों से मुक्ति दिलाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का विश्वास जगाया है।