प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक पर सांसदों से एकजुटता की अपील की
महिला आरक्षण विधेयक पर मतदान से पहले की अपील
नई दिल्ली। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पर मतदान से पूर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों से एकजुट होकर इसके समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर काफी चर्चा हो चुकी है और अब सभी संदेह दूर हो चुके हैं, इसलिए देश के हित में निर्णय लेने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने बताया कि संसद में इस विधेयक पर कल रात एक बजे तक चर्चा हुई और सभी चिंताओं का उचित उत्तर दिया गया। उन्होंने कहा कि जिन जानकारियों की कमी थी, वे सभी सदस्यों को उपलब्ध कराई गई हैं।
“चार दशकों की राजनीति का अंत”: पीएम मोदी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी ने उल्लेख किया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश में लगभग चार दशकों तक राजनीति होती रही है। अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार मिले। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में कम प्रतिनिधित्व चिंताजनक है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता के साथ सोच-समझकर महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करना चाहिए। पीएम मोदी ने सांसदों से कहा कि वे अपने घर की मां, बहन, बेटी और पत्नी को याद करते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की करोड़ों महिलाओं की नजर इस निर्णय पर है और ऐसा कुछ न किया जाए जिससे उनकी भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि यदि यह संशोधन सर्वसम्मति से पारित होता है, तो इससे नारीशक्ति और देश का लोकतंत्र दोनों मजबूत होंगे। पीएम मोदी ने इसे देश की महिलाओं को उनका हक देने का ऐतिहासिक अवसर बताया। अब कुछ ही देर में लोकसभा में इस महत्वपूर्ण विधेयक पर मतदान होना है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।