प्रयागराज में अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन
प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ मंगलवार को प्रयागराज में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में सपा के नेता और कार्यकर्ता सुभाष चौराहे पर इकट्ठा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और यादव की तुरंत रिहाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और सरकार से शीघ्र समाधान निकालने की अपील की।
धरने में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता निधि यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. मान सिंह यादव, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, विधायक विजमा यादव, संदीप यादव, तारिक सईद अज्जू, आदिल हमजा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सिविल लाइंस क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुभाष चौक पर पुलिस बल तैनात किया गया।