×

फरेंदा को जिला और लक्ष्मीपुर को तहसील बनाने की मांग उठी

महराजगंज जिले में फरेंदा को जिला और लक्ष्मीपुर को तहसील बनाने की मांग एक बार फिर उठी है। किसान नेता नागेंद्र शुक्ला ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए काफी दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कठिनाई होती है। जानें इस मांग के पीछे के तर्क और शुक्ला द्वारा दिए गए सुझाव।
 

फरेंदा को जिला बनाने की मांग


महराजगंज ब्यूरो: महराजगंज जिले के गठन के 35 साल बाद, फरेंदा को जिला और लक्ष्मीपुर ब्लॉक को तहसील बनाने की मांग फिर से उठाई गई है। किसान नेता और अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला, जो नौतनवा विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं, ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक रजिस्टर्ड पत्र भेजा है।


नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों के निवासियों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए 50 से 80 किलोमीटर की दूरी तय करके महराजगंज जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।


उन्होंने सुझाव दिया है कि सोनौली, रतनपुर, भगवानपुर, परसा मलिक, नौतनवा, अड्डा बाजार, खोरिया, एकसड़वा, कोल्हुई, लक्ष्मीपुर, पुरन्दरपुर, समरधीरा, बृजमनगंज, धानी, फरेंदा और पनियरा क्षेत्रों को मिलाकर फरेंदा को नया जिला बनाया जा सकता है। इसके साथ ही लक्ष्मीपुर ब्लॉक को तहसील का दर्जा देने की भी मांग की गई है।


अपने पत्र में उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व में बसपा सरकार ने बलरामपुर से लगभग 20 किलोमीटर दूर श्रावस्ती को अलग जिला बनाया था। इसी तर्क के आधार पर फरेंदा को भी जिला बनाना उचित होगा।


नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ पर रजिस्टर्ड डाक से मांग पत्र भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर भी शिकायत दर्ज कर इस मांग को सरकार के समक्ष रखा है।