बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को
बिहार में नई सरकार का गठन
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सूत्रों के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद शाम 4 बजे तक अपने पद से इस्तीफा देने की योजना बना रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का मार्ग पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगा। इस घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कार्यक्रम को लेकर उच्च स्तर पर लगातार बैठकें चल रही हैं, जिसमें कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। नई सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। माना जा रहा है कि एनडीए के भीतर सहमति बन चुकी है और जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जा सकती है। साथ ही मंत्रिमंडल के स्वरूप पर भी विचार-विमर्श जारी है।
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार के शपथ ग्रहण की संभावनाओं के बीच संभावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची भी चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार, एनडीए सरकार में सहयोगी दलों के बीच फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है, जिसके आधार पर मंत्रियों के नाम सामने आ रहे हैं। नई सरकार में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन सकते हैं और निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की संभावना है।