बिहार में राजद को बड़ा झटका, दो विधायक भाजपा में शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद को झटका
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो प्रमुख नेताओं ने राजद से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ थाम लिया है। इन नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को अपना इस्तीफा सौंपा है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजद और तेजस्वी यादव को यह झटका तब लगा है जब नवादा विधानसभा क्षेत्र से विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर ने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। दोनों ने एक साथ भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है। इस्तीफा देने के बाद, उन्होंने कहा कि वे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति में भागीदार बनना चाहते हैं।
अंतर्कलह के कारण लिया गया फैसला
इस्तीफा देने के बाद, दोनों विधायकों ने राजद में चल रही अंतर्कलह और नेतृत्व की कमी को अपने निर्णय का कारण बताया। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब तेजस्वी यादव चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। नवादा जिला, जो राजद का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, अब पार्टी की पकड़ कमजोर होती दिख रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन विधायकों का भाजपा में जाना राजद के संगठनात्मक मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है, विशेषकर दक्षिण बिहार के क्षेत्रों में।