बैंक में गिरवी सोने के नाम पर 5.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
- पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
जींद। शहर थाना सफीदों की पुलिस ने एक व्यक्ति से बैंक में गिरवी रखे सोने को छुड़वाने का झांसा देकर 5 लाख 65 हजार रुपये ठगने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता, गुरुग्राम निवासी देवराज ने बताया कि 20 जनवरी को उसे गांव शील्लाखेड़ी के विनोद का फोन आया। विनोद ने कहा कि उसके सोने को छुड़वाने के लिए उसे 5 लाख 65 हजार रुपये की आवश्यकता है।
विनोद ने उसे अपने गांव बुलाया और 24 जनवरी को देवराज वहां पहुंचा। विनोद के परिवार के सदस्यों ने उसे खाता नंबर दिया, जिसमें उसे पैसे डालने के लिए कहा गया। देवराज ने पैसे डाल दिए, लेकिन विनोद तुरंत लौटने का कहकर वहां से भाग गया। जब देवराज ने पैसे वापस मांगे, तो विनोद ने उसे समय मांगा, लेकिन पैसे लौटाने में विफल रहा।
इसके बाद विनोद ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया। पुलिस ने विनोद, उसके भाई अनूप और मां के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है।