ब्रिटेन में भारतीय छात्र को बच्चों के यौन शोषण के मामले में 30 साल की सजा
ब्रिटेन में यौन शोषण का मामला
(अदिति खन्ना) लंदन, 14 नवंबर: ब्रिटेन में एक 27 वर्षीय भारतीय छात्र को उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में कई बच्चों का ऑनलाइन शोषण करने और उन्हें यौन गतिविधियों में शामिल करने के लिए मजबूर करने के आरोप में 30 साल की सजा सुनाई गई है। ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे एक ऐसे व्यक्ति के रूप में वर्णित किया है जो लगातार ऑनलाइन माध्यमों से बच्चों या किशोरों को अपने जाल में फंसाता है। बिलाल काजी ने चेस्टर क्राउन अदालत में ऑनलाइन बाल यौन शोषण के कई मामलों में दोषी ठहराया।
अदालत में प्रस्तुत किए गए सबूतों के अनुसार, काजी ने 10 से 15 साल की उम्र की लड़कियों का विश्वास जीतने के लिए सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफार्मों पर एक किशोर के रूप में व्यवहार किया। ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस के विशेष अभियोजक मार्टिन मैकरॉब ने कहा, 'बिलाल काजी ने कई कम उम्र की लड़कियों को बहलाने और उनका शोषण करने में पूरी तरह से निर्ममता दिखाई।' उन्होंने आगे कहा, 'उसने ऑनलाइन दोस्ती की और उन्हें यौन कृत्य करते हुए तस्वीरें और वीडियो भेजने के लिए मजबूर किया। जिन लड़कियों ने उसकी मांगों को मानने से इनकार किया, उन्हें अश्लील तस्वीरें दूसरों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।'
मैकरॉब ने बताया कि काजी ने पीड़ित लड़कियों को आकर्षित करने के लिए किशोर लड़के का रूप धारण किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वे उसके साथ एक सच्चे रिश्ते में हैं। जब पीड़ितों को धोखे का एहसास हुआ, तो वे काफी परेशान हो गईं और कुछ को गंभीर मानसिक आघात का सामना करना पड़ा। चेशायर कॉन्स्टेबुलरी की ऑनलाइन बाल शोषण जांच टीम की डिटेक्टिव कांस्टेबल जॉर्जिया ह्यूजेस ने कहा, 'काजी के झांसे में आई लड़कियां कम उम्र की और संवेदनशील थीं। उनके लिए, काजी के साथ बातचीत उनके जीवन का पहला रोमांटिक अनुभव था।'
उन्होंने कहा, 'काजी ने उनके विश्वास का फायदा उठाते हुए उन्हें यह विश्वास दिलाया कि उसका व्यवहार सामान्य है।' ह्यूजेस ने बताया कि काजी के अपराधों का पीड़ितों पर गहरा और स्थायी प्रभाव पड़ा है। कई लड़कियां इस डर में जीती रहीं कि यदि वे उसकी मांगें पूरी नहीं करेंगी, तो वह क्या करेगा। कुछ ने वर्षों तक इस डर को अपने भीतर दबाए रखा।'
पुलिस बल के अनुसार, पहली पीड़िता ने बताया कि जब वह 13 साल की थी, तब उसने 'स्नैपचैट' पर काजी से बात करना शुरू किया और उसे अपनी उम्र का समझा। उनकी बातचीत जल्द ही यौन प्रकृति की हो गई, जिसमें काजी ने पीड़िता से कई अनुचित सवाल पूछे। ब्रिटिश अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2021 में पीड़िता ने काजी से कहा कि वह केवल दोस्त बनकर रहना चाहती है और अब तस्वीरें नहीं भेजना चाहती।
इसके जवाब में काजी ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि उसने उसकी मांगें नहीं मानीं, तो वह पहले साझा की गई तस्वीरों और वीडियो को उसके दोस्तों को भेज देगा। काजी की धमकियों से डरकर, पीड़िता मजबूरन लगातार अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजती रही। इसके तुरंत बाद, पीड़िता का स्नैपचैट खाता हैक हो गया और उसने काजी के साथ जो सामग्री साझा की थी, वह उसके दोस्तों को भेज दी गई।
इसके बाद, उसने नवंबर 2021 में डर्बीशायर पुलिस में काजी की शिकायत दर्ज कराई। जांच में यह सामने आया कि काजी देश छोड़कर चला गया था, लेकिन जुलाई 2023 में ब्रिटेन लौटने पर उसे हीथ्रो हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया और पहली पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में उससे पूछताछ की गई। चेशायर कॉन्स्टेबुलरी ने कहा, 'अधिकारियों ने 180 संभावित पीड़िताओं की पहचान की है।'