ब्रिटेन में लेबर पार्टी की जीत, ग्रीन पार्टी के नेता को झटका
ब्रिटेन के उपचुनाव में लेबर पार्टी की सफलता
लंदन, 9 अक्टूबर - हाल ही में लंदन में आयोजित एक विशेष चुनाव में ब्रिटेन की सत्ताधारी लेबर पार्टी ने जीत हासिल की है। इस परिणाम ने ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ है, जो पार्टी के ‘यहूदी राष्ट्रवाद’ के खिलाफ रुख को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
इसके साथ ही यह भी चर्चा का विषय है कि क्या पोलांस्की बिना ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ (ब्रिटिश संसद का निचला सदन) के सदस्य बने पार्टी का नेतृत्व कर सकते हैं। लेबर पार्टी की उम्मीदवार सगल अब्दी-वाली ने होलबोर्न और सेंट पैनक्रस निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में 12,292 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जो कुल मतों का 45 प्रतिशत है। यह सीट पूर्व प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
ग्रीन पार्टी के नेता पोलांस्की को 8,928 वोट मिले, जो कुल मतों का लगभग 33 प्रतिशत है। सोमालिया से बचपन में शरणार्थी के रूप में ब्रिटेन आईं अब्दी-वाली ने नतीजे घोषित होने के बाद कहा कि वह उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाकर गर्व महसूस कर रही हैं, जिसने उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए। स्थानीय निकाय ‘कैमडेन काउंसिल’ की नेता अब्दी-वाली ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह जीत यह भी प्रदर्शित करती है कि कौन यहां का हिस्सा बन सकता है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे जैसे दिखने वाले लोगों को इसमें अपनी झलक दिखनी चाहिए और उन्हें महसूस होना चाहिए कि उनके लिए भी यहां आगे बढ़ने के समान अवसर हैं।” पोलांस्की के नेतृत्व में ग्रीन पार्टी ने तेजी से विस्तार किया है और खुद को वाम-उदारवादी मतदाताओं के लिए लेबर पार्टी का विकल्प बताया है। पिछले साल एक उपचुनाव में लेबर पार्टी को हराने के बाद पार्टी को और गति मिली थी।
हालांकि, कुछ पार्टी सदस्यों का मानना है कि ग्रीन पार्टी अपने मूल पर्यावरण संरक्षण मुद्दे से भटक गई है। पोलांस्की के चुनाव प्रचार पर इस महीने की शुरुआत में ग्रीन पार्टी के उस निर्णय का भी असर पड़ा, जिसमें जायोनिज्म को नस्लवाद का एक रूप बताया गया था। जायोनिज्म यहूदी राष्ट्र की स्थापना का एक राजनीतिक आंदोलन है।