भाजपा की चुनावी रणनीति: 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 60 सीटों का लक्ष्य
उत्तराखंड में भाजपा की चुनावी तैयारियाँ
उत्तराखंड: भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में तेजी लाना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने 60 सीटों का लक्ष्य दोहराते हुए बूथ स्तर पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करने की योजना बनाई है। इसके लिए सरकार के पिछले पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाने और कांग्रेस को घेरने की रणनीति तैयार की गई है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के इरादे से संगठन को चुनावी मोड में लाने की कोशिश कर रही है। पार्टी का ध्यान अब केवल बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और हर वर्ग तक पहुंच बनाने पर भी है।
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है और चुनाव में जीत का रास्ता भी यहीं से गुजरता है। पार्टी ने हर बूथ पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है। कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, सहभागिता और सेवा के मंत्र के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया है।
आज हरिद्वार में मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी, प्रदेश प्रभारी श्री @rammadhav_ जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री @TIRATHSRAWAT जी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @PhanindranathS3 जी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री @mahendrabhatbjp जी ने विस्तारित… pic.twitter.com/xdnMxhjCG1
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) November 22, 2026
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम करना आवश्यक है। पार्टी का उद्देश्य केवल अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ना भी है। इसके लिए बूथ स्तर पर लगातार जनसंपर्क और पार्टी कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम करना होगा।
भाजपा ने आगामी चुनाव में सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को अपने सबसे बड़े राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। अरविंद मेनन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर जनता तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता इस रिपोर्ट कार्ड को घर-घर लेकर जाएंगे और लोगों को सरकार के कार्यों की जानकारी देंगे। इसके लिए व्यक्तिगत जनसंपर्क के साथ-साथ सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के आधुनिक माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा।
भाजपा की रणनीति है कि सरकार की उपलब्धियों को केवल सरकारी दावों तक सीमित न रखते हुए उन्हें चुनावी मुद्दे के रूप में जनता के बीच रखा जाए। पार्टी की कार्यसमिति द्वारा जारी राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव में धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल और राज्य में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा गया है। प्रस्ताव में राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार, निवेश, सड़क, रेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई आंकड़ों के जरिए सरकार के कार्यों को सामने रखा गया है।
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) November 22, 2026
पार्टी के अनुसार, वर्ष 2022 के बाद से उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 50 प्रतिशत की वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का दावा किया गया है। भाजपा इन आंकड़ों को विकास के अपने एजेंडे के रूप में जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।
महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया गया है कि प्रदेश में करीब 43 हजार स्वयं सहायता समूहों को सहयोग दिया जा रहा है। भाजपा का प्रयास रहेगा कि इन योजनाओं और उपलब्धियों को भी चुनावी अभियान के दौरान जनता के सामने रखा जाए। धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को लेकर भी भाजपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट की है। पार्टी के प्रस्ताव में केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, मानसखंड मंदिर माला मिशन और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थलों के विकास को प्रमुखता दी गई है।
इसके साथ ही वर्ष 2026 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के उत्तराखंड पहुंचने का आंकड़ा भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों के लिए 1,027 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा इन मुद्दों के जरिए धार्मिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को अपने चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने की तैयारी में है।
भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 60 पार का लक्ष्य दोहराया है। प्रदेश कार्यसमिति के प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे। प्रस्ताव में हाल के महीनों में तीन हजार से अधिक लोगों के भाजपा की सदस्यता लेने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के प्रयासों का भी जिक्र किया गया है।
कुल मिलाकर भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति के तीन प्रमुख आधार तय कर दिए हैं। पहला, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य, दूसरा, मोदी और धामी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाना और तीसरा, कांग्रेस को भ्रष्टाचार और विपक्ष की राजनीति के मुद्दे पर घेरना। अब देखना होगा कि भाजपा की यह रणनीति चुनावी मैदान में कितनी प्रभावी साबित होती है और क्या पार्टी अपने 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रच पाती है.