भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा का दूसरा चरण 19 सितंबर से शुरू
भाजपा की नशा मुक्त यात्रा का आगाज
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब शाखा द्वारा चलाए जा रहे 'भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा' अभियान के तहत चार 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का दूसरा चरण 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से आरंभ होगा। इस यात्रा को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हरी झंडी दिखाकर शुरू करेंगी।
भाजपा पंजाब के महासचिव और 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के प्रदेश संयोजक राजेश बाघा ने मंगलवार को जानकारी दी कि श्रीमती गुप्ता पहले गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में माथा टेकेंगी और छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद वह स्थानीय अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी और यात्रा को रवाना करेंगी।
राजेश बाघा ने बताया कि यात्रा के दौरान पंजाब में नशे की समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास नहीं है, बल्कि पंजाबी पहचान और सांस्कृतिक मूल्यों पर नशे के प्रभाव के खिलाफ जनमत तैयार करने का भी एक प्रयास है।
भाजपा नेता ने कहा कि नशे की समस्या के कारण परिवारों में टूटन हो रही है, विशेषकर माताओं और बहनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का युवा, जो सेना, खेल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है, नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जिससे अपराध और हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। कई परिवारों को उपचार के लिए कर्ज लेने या संपत्ति बेचने की नौबत आ रही है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
फतेहगढ़ साहिब से शुरू होने वाली यह यात्रा समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, बस्सी पठाना, डेराबस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और जालंधर में समाप्त होगी.