भाजपा की सामाजिक समरसता यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होगी
समाज में भाईचारे का संदेश फैलाने की पहल
3 दिसंबर को वाराणसी में होगा समापन
जालंधर: फगवाड़ा में पंजाब एससी मोर्चा की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पंजाब एससी मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने की। उन्होंने पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही सामाजिक समरसता यात्रा के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। इस यात्रा का मुख्य लक्ष्य समाज में भाईचारे, समानता, सद्भावना और महापुरुषों के विचारों का संदेश फैलाना है। यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से प्रारंभ होगी और 3 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी।
अंगुराल ने बताया कि यह यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों से होकर गुजरेगी, और इसका कुल सफर लगभग 2,558 किलोमीटर होगा। यात्रा के दौरान प्रतिदिन आठ प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सामाजिक समरसता, सद्भावना और महापुरुषों के विचारों को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के मार्ग में स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और गुरु रविदास जी के मंदिरों में उनके जीवन और विचारधारा को दर्शाने वाली तस्वीरें लगाई जाएंगी। यह यात्रा सामाजिक समानता और भाईचारे के विचारों को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंगुराल ने यह भी बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प के अनुसार कार्य करती है। पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को जोड़ना और उनका विश्वास हासिल करना है।
फगवाड़ा में आयोजित इस विशेष बैठक में प्रदेश भाजपा के महामंत्री राजेश बाघा, पंजाब एससी मोर्चा के महामंत्री यशपाल जंगोत्रा, मनोज चंदेल, विकास गिल, और मोर्चा के उपाध्यक्ष आशु सांपला और संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।