भाजपा नेता ने लो-वोल्टेज समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपा
लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान दलित बस्ती के लोग
महराजगंज से रिपोर्ट: नौतनवा नगर के हमीद नगर वार्ड में स्थित दलित बस्ती में लंबे समय से चल रही लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने बुधवार को विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सागर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हमीद नगर वार्ड की दलित बस्ती में हजारों लोग रहते हैं, लेकिन क्षेत्र में लगातार लो-वोल्टेज की समस्या के कारण उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
जितेंद्र जायसवाल ने अधिशासी अभियंता से अनुरोध किया कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या और बिजली की मांग को ध्यान में रखते हुए तुरंत 250 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो उन्हें क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस अवसर पर आदित्य, अमन, अंकुर, बलिराम, किशन, भोला, उमेश, सीताराम, अभय श्रीवास्तव, विश्वास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।