भारत में पहली डिजिटल जनगणना के लिए प्रशिक्षण शिविर का समापन
डिजिटल जनगणना के लिए प्रशिक्षण का समापन
महराजगंज :: भारत में पहली बार आयोजित होने जा रही डिजिटल जनगणना की तैयारी के तहत नौतनवा इंटर कॉलेज में सुपरवाइजर और प्रगणकों के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर नौतनवा नगर पालिका के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह जनगणना ऐतिहासिक है, क्योंकि इसमें पहली बार पूरी तरह से डिजिटल तरीके से जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक डेटा एकत्र किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार जातीय गणना भी की जाएगी, जिससे सरकार को यह समझने में मदद मिलेगी कि कौन-सी जाति विकास की मुख्यधारा से पीछे है और उनके लिए किस प्रकार की योजनाएं बनाई जानी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने इस महत्वपूर्ण अभियान में शामिल सभी सुपरवाइजर और प्रगणकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह कार्य न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि देश के विकास का आधार भी है, इसलिए सभी को इसे जिम्मेदारी और तत्परता से पूरा करना चाहिए।”
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक के रूप में पंकज यादव और सतीश तिवारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, सभासद धर्मात्मा जायसवाल, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल, दुर्गेश कुमार सहित सभी प्रशिक्षु सुपरवाइजर और प्रगणक भी मौजूद थे।