ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को लिखी चौथी चिट्ठी, एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चिट्ठी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को अपनी चौथी चिट्ठी भेजी है। इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 77 लोगों की मृत्यु हुई है। दो पन्नों की इस चिट्ठी में ममता ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत आम नागरिकों को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है।
ममता बनर्जी ने पत्र में लिखा है कि एसआईआर प्रक्रिया में मानवीय संवेदनशीलता का अभाव था। उन्होंने कहा कि 77 लोगों की मौत, चार आत्महत्या के प्रयास और 17 लोगों की बीमारी का कारण एसआईआर प्रक्रिया रही। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के कारण लोगों में डर और दबाव बना रहा। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर बिना उचित तैयारी के किया गया। मुख्यमंत्री ने यह आरोप लगाया कि नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन जैसे सम्मानित व्यक्तियों से भी पहचान साबित करने के लिए कहा गया। इसी तरह कवि जॉय गोस्वामी, अभिनेता और सांसद दीपक अधिकारी, और क्रिकेटर मोहम्मद शमी को भी इस प्रक्रिया का सामना करना पड़ा।
यह ध्यान देने योग्य है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद तैयार की गई मसौदा सूची में 58.20 लाख नाम हटा दिए गए हैं। मसौदा सूची से पहले राज्य में 7.66 करोड़ मतदाता थे, जबकि एसआईआर के बाद केवल 7.08 करोड़ मतदाता बचे हैं। जिन 58.20 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनमें से 24.17 लाख मृत पाए गए, 1.38 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, और 32.65 लाख मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए थे। इसके अलावा कुछ लापता और अन्य श्रेणी में रखे गए। इसके बाद 32 लाख लोगों को अनमैप्ड बताकर नोटिस जारी किया गया है।