☰
×

मायावती ने अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर उठाए सवाल, कहा चुनावी वादे हैं खोखले

बसपा प्रमुख मायावती ने हाल ही में समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा जारी घोषणापत्र पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे चुनावी छलावा बताते हुए कहा कि यह गरीबों और दलितों के हित में नहीं है। मायावती ने सपा पर जातिवाद और धन्नासेठों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सपा के वादे खोखले हैं और इससे प्रदेश की गंभीर समस्याएं जैसे गरीबी और बेरोजगारी का समाधान नहीं होगा। जानें इस मुद्दे पर और क्या कहा मायावती ने।
 

बसपा प्रमुख का बयान


लखनऊ : समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने हाल ही में लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान आगामी चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र पेश किया। इसमें उन्होंने 5 वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन देने और किसानों का कर्ज माफ करने जैसे बड़े वादे किए हैं। इस पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' असल में 'धन-मन वादी' है।


मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "समाजवादी पार्टी द्वारा जारी किया गया यह 'प्रण-पत्र' उनके कथित पीडीए की तरह ही खोखला है और 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को सही साबित करता है।" उन्होंने सपा पर जातिवाद और धन्नासेठों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के खिलाफ काम करती है।


1. यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया इनका यह ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई तथा ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है।
2. वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताज़ा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार ग़रीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं।
3. इन बातों से से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।
4. वैसे भी ’हर हाथ को काम’ तथा ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ आदि विशुद्ध रूप से बी.एस.पी. की नीति व सिद्धान्त हैं तथा जिस सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेण्डा पर बी.एस.पी. की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है, जो कि विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते/मानते हैं।
5. इसके साथ ही, सपा के दामन पर भी ख़ासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम् मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।

— Mayawati (@Mayawati) November 27, 2026


मायावती ने आगे कहा, "इन बातों से यह भी साबित होता है कि सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' वास्तव में 'धन-मन वादी' है और यह समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबलियों को चुनाव में उतारेगी।" उन्होंने यह भी कहा कि 'हर हाथ को काम' और 'क़ानून द्वारा क़ानून का राज' बी.एस.पी. की नीति है, जिसे उनकी सरकारों ने ईमानदारी से लागू किया है।


सपा की घोषणाओं को चुनावी छलावा : मायावती


बसपा प्रमुख ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, "सपा के दामन पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ रवैया और यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने के मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता कैसे भुला पाएगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें और वादे चुनावी छलावा हैं, लोग सावधान रहें।"