यूपी चुनाव से पहले सपा के पीडीए नारे पर बीजेपी का विवादित बयान
सपा के पीडीए नारे पर बीजेपी का तंज
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले, समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव के दौरान पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नारा दिया था। इस पर अब सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल का एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुन्नी से भी ज्यादा बदनाम है, इसलिए सपा के लोग पीडीए नाम का सहारा ले रहे हैं।
बीजेपी के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। उन्होंने दबंग फिल्म के एक गाने का जिक्र करते हुए सपा पर कटाक्ष किया। वायरल वीडियो में, प्रकाश पाल को पत्रकारों से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि समाजवादी पार्टी चार बार सत्ता में रही है, लेकिन उन्होंने पिछड़ों, दलितों और सामान्य वर्ग के साथ जो किया, उसके लिए उन्हें हिम्मत नहीं है कि वे खुद को समाजवादी पार्टी कहें। उन्होंने कहा कि यदि वे ऐसा करेंगे, तो लोग 2017 से पहले की स्थिति को याद करेंगे। सपा की बदनामी मुन्नी से भी ज्यादा हो चुकी है, इसलिए वे नया नाम लेकर आए हैं- पीडीए।
प्रकाश पाल यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, 'पीडीए भी कुछ नहीं है, यह केवल दलाल अराजक हैं। मैं अखिलेश यादव से चैनलों के माध्यम से पूछता हूँ कि 2012 में जब वे मुख्यमंत्री बने थे, तो उनके कैबिनेट में कौन गैर-यादव मंत्री था? उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने कैबिनेट में गैर-यादव को शामिल नहीं किया था।' इसके साथ ही, प्रकाश पाल ने पीडीए का पूरा नाम 'पक्के-दलाल-अराजक' बताया।