यूपी में 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए वेतन ले रहे हैं: अखिलेश यादव का आरोप
यूपी परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार का खुलासा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला उजागर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की कि 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए ही वेतन प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 50% चालक ने तो शून्य किलोमीटर भी नहीं चलाया है।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे बसों पर बुलडोज़र चलवाने का नाटक न करें। उन्होंने कहा कि यदि बुलडोज़र चलाना है, तो इसे मंत्री की भ्रष्ट गतिविधियों पर चलाना चाहिए, लेकिन यह सब जानते हैं कि ऐसा नहीं होगा क्योंकि इस गोरखधंधे का बड़ा हिस्सा 'मुख्य-दान पेटी' में जाता है। इसीलिए मंत्री जी की दया दृष्टि उनकी आमदनी के अनुपात में बनी रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गर्मियों की छुट्टियों में जनता यात्रा के लिए परेशान है, जबकि भाजपा के नेता परिवहन विभाग के पहिये खोलकर बेचने में लगे हैं। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश का विकास भाजपा के भ्रष्टाचार के कारण ठहर गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यातायात का बाधित होना अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करता है। भाजपा केवल अपनी व्यवस्था बनाने में लगी है, जबकि आम जनता की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा का जाना तय है और बुरे दिन समाप्त होने वाले हैं।