रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जसपाल राणा को दी श्रद्धांजलि
जसपाल राणा का त्रयोदशी संस्कार
उत्तराखंड: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 जून को उत्तराखंड के देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध निशानेबाज़ और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित स्व. जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भगवान से परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा, खजान दास, बीजेपी सांसद डॉ. महेश शर्मा, अजय भट्ट, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि दी।
आदरणीय केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh जी के साथ मझौन, देहरादून में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज, पद्मश्री से सम्मानित स्व. जसपाल राणा जी के त्रयोदशी संस्कार में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी… pic.twitter.com/Pp1c9XTzem
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 24, 2026
जसपाल राणा, जो उत्तरकाशी जिले के निवासी थे, ने निशानेबाजी में भारत को कई पदक दिलाए और उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वे न केवल एक सफल खिलाड़ी थे, बल्कि एक उत्कृष्ट कोच भी रहे हैं। उन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्टार शूटर मनु भाकर को भी प्रशिक्षित किया था।
जर्मनी से लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 जून को उनका निधन हो गया। जसपाल राणा का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया था। आज उनके त्रयोदशी संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए।
जसपाल राणा के परिवार में उनकी पत्नी रीना राणा और दो बच्चे, बेटी देवांशी और बेटा युवराज शामिल हैं। देवांशी भी एक शूटर हैं और उन्होंने 2018 ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीता था। उनकी पत्नी रीना राणा भी राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज रह चुकी हैं। उनके पिता नारायण सिंह राणा और भाई-बहन सुभाष राणा और सुषमा राणा भी अच्छे निशानेबाज रहे हैं। जसपाल राणा की बहन सुषमा राणा का विवाह केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे से हुआ है।