राजस्थान के पत्रकारों ने अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट परेड का अवलोकन किया
अमृतसर में पत्रकारों का दौरा
प्रतिनिधिमंडल ने अमृतसर में दार्शनिक स्थलों का भी किया दौरा
अमृतसर: सूचना कार्यालय (पीआईबी), जयपुर द्वारा आयोजित चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा दौरे के अंतर्गत, राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अटारी बॉर्डर पर आयोजित रिट्रीट परेड का अवलोकन करने पहुंचा। इस अवसर पर, प्रतिनिधिमंडल ने देशभक्ति और अनुशासन से भरे इस समारोह का अनुभव किया और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की।
रिट्रीट परेड के दौरान, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने अनुशासित मार्च, ऊर्जावान कदमताल और समन्वित प्रदर्शन किया, जिसने सभी में राष्ट्रीय गर्व की भावना को और बढ़ाया।
पत्रकारों ने इस अवसर को भारत की सुरक्षा व्यवस्था, सीमाओं की सतर्कता और जवानों के अनुशासन को समझने का एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि अटारी बॉर्डर पर आयोजित यह रिट्रीट परेड देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का एक मजबूत प्रतीक है।
यह दौरा केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक और राष्ट्रीय महत्व की पहलों को समझने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर रहा है।
इस दौरे के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने अमृतसर के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया। वहां के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में पत्रकारों ने आध्यात्मिक वातावरण और सामुदायिक सेवा की परंपरा का अनुभव किया। प्रतिनिधिमंडल ने अमृतसर में स्थित पार्टिशन म्यूजियम में विभाजन काल से संबंधित ऐतिहासिक दस्तावेजों, चित्रों और संस्मरणों के माध्यम से देश के इतिहास के उस महत्वपूर्ण अध्याय को समझा। जलियांवाला बाग में प्रतिनिधिमंडल ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और ऐतिहासिक घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी प्राप्त की।