राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन
सत्यवती मिश्रा का निधन
नोएडा: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी, सत्यवती मिश्रा (79), का निधन शनिवार रात को हुआ। पिछले एक सप्ताह से वे नोएडा के सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में फेफड़ों के गंभीर संक्रमण के कारण भर्ती थीं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
डिप्टी सीएम ने अस्पताल जाकर लिया हालचाल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को मेट्रो अस्पताल जाकर सत्यवती मिश्रा की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली थी और चिकित्सकों से चर्चा की थी। उनके निधन की खबर सुनते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद, उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके नोएडा स्थित निवास पर ले जाया गया।
अंतिम संस्कार की जानकारी
भाजपा नोएडा महानगर के नेता अमित त्यागी ने बताया कि सत्यवती मिश्रा का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर लगभग 12:30 बजे सेक्टर-94 के श्मशान घाट 'अंतिम निवास' पर किया जाएगा। इस अंतिम संस्कार में कई प्रमुख राजनेताओं, सामाजिक हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।
उपराज्यपाल का शोक संदेश
सत्यवती मिश्रा के निधन पर विभिन्न नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि यह अत्यंत दुखद समाचार है। उन्होंने सत्यवती मिश्रा को एक निष्कपट, धर्मपरायण और सभी को सम्मान देने वाली ममतामयी महिला के रूप में याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।