राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव में 76.41% मतदान, प्रतापगढ़ में सबसे अधिक
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव का पहला चरण
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को 162 निकायों में 76.41 प्रतिशत मतदान हुआ।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 57 लाख 52 हजार 280 मतदाताओं में से 43 लाख 95 हजार 488 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
प्रतापगढ़ जिले में अरनोद नगरपालिका चुनाव में 91.98 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में सबसे कम 63.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
धौलपुर जिले की सैपऊ नगरपालिका में 90.87, भीलवाड़ा जिले की बीगोद नगरपालिका में 91.85 और डीग जिले की पहाड़ी नगरपालिका में 90.36 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा, लगभग सौ निकायों में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
अलवर नगर निगम चुनाव में 65.75, भरतपुर नगर निगम में 73.68, भीलवाड़ा नगर निगम में 63.84 और बीकानेर नगर निगम में 68.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
पहले चरण में 162 नगर निकायों में चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाओं में मतदान हुआ। इनमें से 73 नवगठित नगर निकाय हैं, जहां पहली बार चुनाव हो रहा है। पिछली बार इन 89 नगर निकायों में 74.76 प्रतिशत मतदान हुआ था।