राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
राजीव गांधी की पुण्यतिथि : आज (21 मई) पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर राजीव गांधी की तस्वीर साझा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा।
राहुल गांधी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, "पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और मजबूत भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी करूंगा। आपकी सीख, आपके संस्कार और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।" कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा की बेटी मिराया वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा ने भी वीर भूमि पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम सहित कई कांग्रेस नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि 21 मई 1991 की रात को तमिलनाडु के श्रीपेरुम्बुदुर में एक चुनावी रैली के दौरान बम धमाके में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में धनु नाम की एक महिला, जो आतंकी संगठन एलटीटीई से जुड़ी थी, राजीव गांधी के पास पहुंची। महिला के हाथ में एक माला थी और उसने सम्मान के प्रतीक के रूप में राजीव गांधी के पैर छूने के लिए झुकी। इसी दौरान, उसने अपनी कमर पर बंधे बेल्ट-बम को सक्रिय कर दिया, जिससे एक भीषण धमाका हुआ। इस हमले में राजीव गांधी, बम हमलावर और 14 अन्य लोगों की जान चली गई।