×

राम मंदिर ट्रस्ट में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: संजय सिंह का आरोप

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने वाराणसी में प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट में भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि दानपात्र और चढ़ावे में करोड़ों रुपये की चोरी के साथ-साथ 2 करोड़ 92 लाख रुपये की नजूल जमीन को 24 करोड़ रुपये में बेचे जाने का मामला सामने आया है। संजय सिंह ने इस घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की और ट्रस्ट को भंग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस खुलासे ने राम मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

संजय सिंह का प्रेस वार्ता में खुलासा

वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को वाराणसी में एक प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े दानपात्र चोरी, चढ़ावे में भ्रष्टाचार और जमीन खरीद के मामले में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के नाम पर करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ धोखा किया जा रहा है।


संजय सिंह ने बताया कि राम मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे में करोड़ों रुपये की चोरी के बाद एक और बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें 2 करोड़ 92 लाख 86 हजार रुपये मूल्य की नजूल जमीन को 24 करोड़ रुपये में बेचा गया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषियों की गिरफ्तारी की आवश्यकता पर जोर दिया।


महापापियों द्वारा प्रभु श्री राम के नाम पर हो रहे महापाप का बाबा विश्वनाथ की धरती काशी पर बड़ा खुलासा वाराणसी से सांसद @SanjayAzadSln जी की महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता https://t.co/rUAjreIgAG

— AAP (@AamAadmiParty) June 15, 2026


संजय सिंह ने कहा कि वह उन लोगों का पर्दाफाश कर रहे हैं जो प्रभु श्री राम के नाम पर और श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे के नाम पर महापाप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की गाटा संख्या 247 की 0.645 हेक्टेयर भूमि को लेकर उप जिलाधिकारी द्वारा जारी दस्तावेज स्पष्ट रूप से बताते हैं कि यह नजूल भूमि है।


चम्पत राय ने 3 करोड़ की नजूल जमीन 24 करोड़ में खरीदी, 800 % की लूट


संजय सिंह ने कहा कि सरकारी अभिलेखों के अनुसार इस भूमि का मूल्य 2 करोड़ 92 लाख 86 हजार रुपये था, लेकिन इसे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय द्वारा 24 करोड़ रुपये में खरीदा गया। यह करोड़ों श्रद्धालुओं के चंदे की खुली लूट है।


प्रभु श्री राम के नाम पर महा घोटाला, चम्पत राय ने 3 करोड़ की नजूल जमीन 24 करोड़ में खरीदी, 800 % की लूट। आखिर ED पार्टी ने इन चंदा चोरों को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया ?

करोड़ो हिंदुओं की आस्था से कब तक खिलवाड़ करेंगे ED पार्टी के मुखिया "मोदी" ?

भ्रष्ट- ट्रस्ट को भंग करो,… pic.twitter.com/fUMnfgIgQu

— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) June 15, 2026


उन्होंने कहा कि इस जमीन को बेचने वाले महंत मुरलीधर दास हैं, जबकि खरीददार चंपत राय हैं। इस सौदे में मिथिलेश्वर दास और मुकेश दास गवाह बने। जमीन की खरीद 2 अप्रैल 2024 को हुई, जबकि उप जिलाधिकारी द्वारा सत्यापित दस्तावेज में इसे नजूल भूमि बताया गया।


संजय सिंह ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने अयोध्या में जमीन खरीद घोटाले का खुलासा किया था। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे में चोरी का आंकड़ा 200 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।


संजय सिंह ने कहा कि महिपाल सिंह ने वर्ष 2021 में ही दानपात्र में हो रही चोरी का खुलासा किया था, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भारत सरकार द्वारा गठित किया गया था।


उन्होंने मांग की कि भ्रष्टाचार और चंदा चोरी के आरोपों से घिरे ट्रस्ट को तुरंत भंग किया जाए और सभी जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया जाए।