रायबरेली में किसान की मौत पर विधायक का पुलिस से संवाद, गिरफ्तारी की मांग
किसान सुरेश पटेल की मौत का मामला
जगतपुर। यूपी के रायबरेली जिले के जगतपुर स्थित छिछोरा गांव में 19 मार्च को किसान सुरेश पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बुधवार को सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल मृतक के घर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और मृतक की पत्नी फूलमती को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। विधायक ने एसपी से कहा कि यदि 15 दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह एसपी कार्यालय जाकर बात करेंगी।
जब विधायक पल्लवी पटेल गांव पहुंचीं, तो उन्होंने फूलमती से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस पर विधायक ने एसपी रवि कुमार को सीयूजी नंबर पर कॉल किया और पूछा कि सुरेश पटेल के मामले में गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। एसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
‘जल्दी ही गिरफ्तारी होगी’
विधायक ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है और नाबालिगों का नाम क्रॉस एफआईआर में दर्ज किया गया है। जब बीएनएस 108 में मामला दर्ज है, तो गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है? इस पर एसपी ने कहा कि विवेचना चल रही है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी। विधायक ने फिर से फोन कर कहा कि उन्होंने 15 दिन का समय दिया है। यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वह कार्यालय पर आएंगी। इसके बाद एसपी ने फोन काट दिया।
परिवार को आश्वासन दिया
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार से बातचीत के बाद विधायक ने परिवार के सदस्यों को आश्वासन दिया कि यदि 15 दिन में गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वह एसपी से सीधे कार्यालय जाकर बात करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी करेंगी।