राष्ट्रपति मुर्मू ने पनडुब्बी यात्रा कर बनाया नया इतिहास
राष्ट्रपति मुर्मू की पनडुब्बी यात्रा
बेंगलुरू। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरने के बाद अब पनडुब्बी में यात्रा की। वे समुद्र में पनडुब्बी की यात्रा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति बनी हैं। इससे पहले, राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने भी पनडुब्बी में यात्रा की थी। राष्ट्रपति मुर्मू ने रविवार को कर्नाटक के कारवाड़ नेवल बेस पर पनडुब्बी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि कलाम ने फरवरी 2006 में पनडुब्बी यात्रा की थी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने रविवार को नौसेना की वर्दी पहनकर पनडुब्बी में प्रवेश किया। यह पनडुब्बी, आईएनएस वाघषीर, पी75 स्कॉर्पीन प्रोजेक्ट की छठी और अंतिम पनडुब्बी है, जिसे जनवरी में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। राष्ट्रपति मुर्मू पहले ही भारतीय वायु सेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भर चुकी हैं, जिससे वे इस क्षेत्र में भारत की पहली राष्ट्रपति बन गईं। उन्होंने 29 अक्टूबर को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल में उड़ान भरी थी। इससे पहले, 7 अप्रैल 2023 को, उन्होंने असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मू से पहले तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल ने भी सुखोई में उड़ान भरी थी।