राहुल गांधी का छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। राजधानी में पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। जंतर मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच विपक्ष सरकार को चारों ओर से घेरने की कोशिश कर रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद एकजुट होकर गांधी स्मृति की ओर बढ़े। इस दौरान राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ बस में सवार हुए।
विपक्षी सांसदों के घर से निकलने के समय स्थिति तनावपूर्ण थी। दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर दी और बस को आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ मिनटों की बातचीत के बाद पुलिस ने रास्ता खोल दिया, जिससे विपक्षी नेताओं का काफिला गांधी स्मृति के लिए रवाना हो सका।
No one can stop us from standing with the students of India.
भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से हमें कोई नहीं रोक सकता। pic.twitter.com/ALypCpklbX
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 23, 2026
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए विपक्ष का कर्तव्य है कि वह उनके साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा, 'हम पहले इंडिया गेट जाना चाहते थे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद हमने गांधी स्मृति जाने का निर्णय लिया, जहां भी हमें कुछ समय रोका गया। हमारा सबसे बड़ा संदेश देश के छात्रों के लिए है कि हम आपके साथ हैं और आपकी आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाएंगे।'
प्रियंका गांधी ने भी इस अवसर पर कहा कि, हम सरकार को यह संदेश देने आए हैं कि महात्मा गांधी ने किसानों और गरीबों के साथ मिलकर आंदोलन किया था, जिसमें किसी पर भी हाथ नहीं उठाया गया। लेकिन आज उसी देश में बच्चों को मोदी सरकार केवल इसलिए पीट रही है क्योंकि वे अपने अधिकार मांग रहे हैं। सभी को दिख रहा है कि छात्रों के साथ कितना अन्याय हो रहा है। लोकतंत्र के लिए महात्मा गांधी जी शहीद हुए और आजादी के लिए लड़ने वाले कई लोग भी शहीद हुए। आज उसी देश में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। क्या वे इसलिए शहीद हुए कि उनके बच्चों को पीटा जाए, केवल इसलिए क्योंकि उनके पेपर लीक हो रहे हैं और वे जवाबदेही मांग रहे हैं।