राहुल गांधी ने छात्रों के भविष्य पर केंद्र सरकार को घेरा
राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला
नई दिल्ली। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के मुद्दे पर लगातार सक्रिय रहने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं करेगी।
राहुल ने लिखा, 'अब मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा, कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा। वर्षों की मेहनत, घर की संपत्ति बेची, माता-पिता का कर्ज लिया और फिर भी हाथ में कुछ नहीं। यह हार उस छात्र की नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की हार है, जिसने उसकी मेहनत का मूल्य नहीं समझा।' उन्होंने यह भी कहा कि तेरह दिन हो गए, गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि गंभीर संकट के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और न ही कोई बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां चलाई गईं और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन सरकार चुप रही। राहुल ने कहा, 'गृह मंत्री जी, यह मत समझिए कि हम जवाबदेही मांगना बंद कर देंगे। आज नहीं तो कल, इस जुर्म का जवाब आपको देना ही पड़ेगा। छात्र देश की रोशनी हैं, और मैं उनकी पूरी ताकत के साथ खड़ा हूं।' उन्होंने कहा कि छात्रों का यह दर्द केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लाखों युवाओं का है जो वर्षों की मेहनत के बावजूद पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हो रहे हैं।