राहुल गांधी ने सुल्तानपुर में रामचेत मोची के परिवार से की मुलाकात
राहुल गांधी का सुल्तानपुर दौरा
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एमपी-एमएलए कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर गुप्तारगंज स्थित रामचेत मोची की दुकान पर रुककर उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने रामचेत के बेटे से बातचीत की और परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
राहुल गांधी ने विधायक नगर चौराहा पर रामचेत मोची के बेटे राघव से मुलाकात की। वे लगभग सात मिनट तक उनकी दुकान पर रुके। इस दौरान उन्होंने रामचेत की आत्मा की शांति के लिए श्रंद्धाजलि अर्पित की। राघव की बेटी श्रद्धा को गोद में उठाकर उसे चॉकलेट दी और दुलार किया। उन्होंने राघव को आश्वासन दिया कि जब भी आवश्यकता होगी, वे उनकी मदद के लिए उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले रामचेत मोची का निधन हो गया था, और उनके इलाज के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
इससे पहले, राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सुल्तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष कहा। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख तय की है।
करीब आधे घंटे तक कोर्ट में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली, जिसमें मानहानि के मामले में धारा 313 के तहत बयान लिया गया। इस दौरान अदालत परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटी रही और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।