लखनऊ में पोस्टर युद्ध: अखिलेश यादव के आवास के बाहर नया सियासी संदेश
लखनऊ में सियासी पोस्टर का खेल
लखनऊ पोस्टर युद्ध: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इस समय पोस्टर युद्ध का केंद्र बन गई है, जहां राजनीतिक वार-पलटवार का खेल चल रहा है। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के निवास के बाहर एक नया पोस्टर लगाया गया। इस पोस्टर के माध्यम से पीडीए का संदेश एक अनोखे तरीके से समाज के बीच पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
अखिलेश यादव के आवास के बाहर लगे इस पोस्टर में लिखा है, “ब्राह्मण राह दिखाएंगे, केवट पार लगाएंगे, पीडीए की सरकार बनवाएंगे।” यह पोस्टर चंद्र कुमार मिश्रा और जय हिन्द समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद लाल निषाद द्वारा लगाया गया है। इसमें दोनों नेता अखिलेश के साथ ‘पीडीए परिवार’ नाव पर सवार दिखाई दे रहे हैं, जहां चंद्र कुमार मिश्रा दिशा दिखा रहे हैं और नंद लाल निषाद नाव चला रहे हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान अखिलेश यादव ने पीडीए का नारा दिया था। शुरुआत में उन्होंने पीडीए का मतलब पिछड़ा (P), दलित (D) और अल्पसंख्यक (A) बताया था। लेकिन विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख ने पीडीए की परिभाषा में पंडित (ब्राह्मण) शब्द भी जोड़ा, जिसके चलते वह विरोधियों के निशाने पर रहे हैं। अब इस नए पोस्टर के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी फिर से तेज हो सकती है।