लखीमपुर खीरी में छात्रों से भरी मैजिक ट्रक और ट्रक की टक्कर, एक की मौत
लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी जिले के पढुआ थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब बोर्ड परीक्षा के लिए जा रहे छात्रों से भरी एक मैजिक ट्रक में एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक दुर्घटना में मैजिक में सवार एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मैजिक में ड्राइवर सहित कुल 17 छात्र-छात्राएं सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही, सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 7 बजे ढखेरवा-धौरहरा मार्ग पर रमियाबेहड़ में हुआ। सभी छात्र उमा देवी पब्लिक स्कूल के थे और वे मां गायत्री विद्या मंदिर विद्यालय में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने मैजिक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और 10वीं के छात्र चंचल की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना में कई अन्य छात्र भी घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और मैजिक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।