विदेश में नौकरी का झांसा देकर 13.80 लाख की धोखाधड़ी
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
- पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है
जींद। शहर थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 लाख 80 हजार रुपये ठगने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
राजेंद्र नगर के निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में वह गांव पाली, जिला हांसी में दीपक की शादी में गया था। वहां दीपक ने उसकी मुलाकात गांव कनवाह के निवासी अमित से करवाई। अमित ने 25 जुलाई 2025 को उसे एक ज्वाइनिंग लैटर भेजा, जो भारतीय खाद्य निगम का था। उसने कहा कि वह उसे नौकरी दिलवा देगा और विदेश भेज देगा। उसे टैक्स सहायक के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
नवीन ने झांसे में आकर हां कर दी। इसके लिए उसे सीट बुक कराने के लिए तीन लाख रुपये देने पड़े। इसके बाद आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपये और उसकी मां के खाते में डलवा लिए। इस प्रकार, आरोपियों ने कुल 13 लाख 80 हजार रुपये अपने और जानकार गुरुग्राम निवासी टाइगर के खाते में डलवा लिए। जब उसने ज्वाइनिंग लैटर मांगा, तो उन्हें तारीख बताने में टालमटोल करने लगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है
नवीन को न तो नौकरी मिली और न ही उसकी राशि वापस की गई। शहर थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर दीपक, अमित और टाइगर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी भगवत ने कहा कि शिकायत में विदेश में नौकरी का झांसा देकर राशि हड़पने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल, तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।