शेयर बाजार में तेजी, विदेशी निवेशकों की लिवाली से मिली मजबूती
शेयर बाजार में तेजी का कारण
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की निरंतर खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में कमी के चलते शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली। प्रमुख सूचकांकों ने एक प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ कारोबार समाप्त किया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक शुरुआती गिरावट के बाद 897.96 अंक (1.08 फीसदी) की बढ़त के साथ 83,919.71 अंक पर बंद हुआ, जो कि इस वर्ष 11 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
सेंसेक्स की शुरुआत 463 अंक की गिरावट से हुई थी और एक समय यह 600 अंक से अधिक गिर गया था। कारोबार के दौरान यह 82,403.27 अंक से लेकर 84,037.96 अंक तक पहुंचा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 25,800.60 अंक पर पहुंच गया, जो कि 18 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
हालांकि, एआई शेयरों में बिकवाली के कारण दुनिया के अधिकांश प्रमुख शेयर बाजारों में गिरावट आई है। इसके विपरीत, विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में निवेश कर रहे हैं, जहां एआई की उपस्थिति अभी भी सीमित है। नवंबर में एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार में 13.67 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया है।
एफपीआई की खरीदारी के चलते इस सप्ताह सेंसेक्स में 2,327 अंक (2.85 प्रतिशत) और निफ्टी-50 में 746.20 अंक (2.98 प्रतिशत) की वृद्धि हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट ने भी निवेश धारणा को मजबूत किया है।
वृहद बाजार में, निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.73 प्रतिशत बढ़ा, जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.13 प्रतिशत की गिरावट आई।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी बैंक 2.49 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.02 प्रतिशत ऊपर रहे। आईटी, रियल्टी और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक मजबूत रहे। ऑटो, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और फार्मा शेयरों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे।
हालांकि, मीडिया, एफएमसीजी, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांकों में गिरावट आई।
एनएसई में 3,738 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2,205 के शेयर टूट गए जबकि 1,414 के शेयरों में तेजी रही। अन्य 119 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयरों में लिवाली देखी गई। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.08 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक का 3.02 प्रतिशत ऊपर रहा।
मारुति सुजुकी में 2.88 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.75, बजाज फाइनेंस में 2.47, आईसीआईसीआई बैंक में 2.22 और एक्सिस बैंक में 2.05 प्रतिशत की तेजी रही।
इंडिगो का शेयर 1.87 फीसदी, पावरग्रिड का 1.70, टीसीएस का 1.21, टेक महिंद्रा का 1.10 और ट्रेंट का 0.94 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी ऊपर रहे।
टाइटन में सबसे अधिक 1.71 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। टाटा स्टील का शेयर 1.69 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.29, हिंदुस्तान यूनिलिवर का 0.96 और सन फार्मा का 0.94 प्रतिशत टूट गया।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 5.06 फीसदी लुढ़क गया। हांगकांग का हैंग सेंग 5.06 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.22 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.42 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.40 प्रतिशत नीचे था.