संजय सिंह ने राम मंदिर चढ़ावे में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर के चढ़ावे के मुद्दे पर भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में देश के संसाधनों और जनता के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। अब भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन में चोरी के आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है।
संजय सिंह ने एक बयान में कहा कि उनकी पार्टी ने कल से यह सवाल उठाना शुरू किया है कि क्या राम मंदिर के दान पात्र और चढ़ावे में कोई गड़बड़ी हुई है। भाजपा के नेता इन आरोपों को झूठा बताने में लगे थे, लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि चढ़ावे में चोरी के मामले में गिरफ्तारियां हुई हैं और जांच एजेंसियों को भी कार्रवाई करनी पड़ी है।
प्रभु श्री राम के नाम पर चंदा चोरी और ज़मीन घोटालों के बाद अब दानपात्र के चढ़ावे में भी लगभग ₹7 करोड़ की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है,
कोयला, गैस, बिजली, स्कूल-अस्पताल और मिड-डे मील का पैसा खाने वाली BJP अब भगवान के चढ़ावे को भी नहीं बख्श रही है।
— @SanjayAzadSln जी,… pic.twitter.com/HHScRpZtVi
— AAP (@AamAadmiParty) June 8, 2026
उन्होंने कहा कि अब जब तथ्य सामने आ चुके हैं, तो भाजपा और ट्रस्ट के जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए। करोड़ों रामभक्त अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा के साथ भगवान श्रीराम के चरणों में अर्पित करते हैं। उस धन की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना ट्रस्ट की जिम्मेदारी है।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार देश की संपत्तियों को बेचने में लगी रही है, जैसे रेलवे, हवाई अड्डे, और सरकारी संस्थान। अब यदि भगवान श्रीराम के चढ़ावे में भी चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं, तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर सीधा आघात है। देश जानना चाहता है कि यह सब कैसे हुआ और इसके जिम्मेदार कौन हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन जब रामभक्तों के चढ़ावे पर सवाल उठते हैं, तो जवाब देने से बचती है। यह चुप्पी संदेह को और बढ़ाती है। संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को चुनौती दी कि यदि चढ़ावे में चोरी नहीं हुई है, तो चंपत राय भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर हाथ रखकर सौगंध खाएं कि चढ़ावे के धन में किसी प्रकार की चोरी नहीं हुई। उनकी इस सौगंध पर करोड़ों रामभक्त विश्वास कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस मामले में दोषी हैं, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लानी चाहिए। भगवान श्रीराम की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी श्रद्धालुओं की आस्था और उनके चढ़ावे की पवित्रता की रक्षा के लिए इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करती रहेगी।