संविधान दिवस पर जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य: जितेन्द्र बच्चन
संविधान दिवस का महत्व
ग्रेटर नोएडा: समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा का प्रतीक है, जो समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है।
जितेन्द्र बच्चन ने ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में पीआईआईटी कॉलेज में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षकों और छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों की याद दिलाता है और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है, जिससे राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। भारतीय संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए कहा कि हमें इन आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें अपने आचारण में उतारना चाहिए। अन्य वक्ताओं ने भी संविधान के मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। फैकल्टी और छात्रों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा के बारे में जाना।
इस कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों से अवगत कराया गया। अंत में, श्रीमती मिथिलेश सिंह और श्रीमती जागेश सिंह ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर आरके शाक्य, प्रोफेसर बीएस रावत, डॉ. अंजुम आरा, डॉ. प्रियंका अहिरवार, आरके अग्रवाल, पवन कुमार, जैनेन्द्र कुमार, मंजीत सिंह सहित संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।