संसद में राम मंदिर चढ़ावे की चोरी पर विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन
विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। विपक्षी दलों के नेता इस मुद्दे पर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को घेरने में जुटे हैं। शुक्रवार को संसद में इस मामले को लेकर एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। सांसद पप्पू यादव साधु के कपड़े पहनकर संसद परिसर में पहुंचे और अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसद भी उनके साथ थे।
विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर दान पेटियां रखीं। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भगवा कपड़े पहनकर इन पेटियों के पास बैठे थे। प्रदर्शन के दौरान नाटक के माध्यम से संदेश देने का प्रयास किया गया। राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने दान पेटियों में पैसे डाले, जबकि पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रखकर इसे राम मंदिर चढ़ावे में चोरी के आरोपों का प्रतीक बताया।
‘चढ़ावा चोर – गद्दी छोड़’
राम मंदिर में BJP-RSS ने ‘चढ़ावा चोरी’ कर देश के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ किया है- ये महापाप है।
आज संसद परिसर में विपक्ष के सांसदों ने बेहद अनोखे तरीके से ‘चढ़ावा चोरी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली pic.twitter.com/jrCkvYwAGT — Congress (@INCIndia) July 31, 2026
इस प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी समेत कई अन्य नेता शामिल हुए। सभी सांसद एक बड़े बैनर के पीछे खड़े थे, जिस पर लिखा था- अमित शाह सदन से गायब क्यों?
इसके साथ ही, जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी विपक्षी दलों ने सरकार को घेरने का प्रयास किया। विपक्ष के सांसदों ने गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की और सदन की कार्यवाही में उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए। सांसदों ने संसद के मकर द्वार के सामने प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए- ‘अमित शाह इस्तीफा दो’, ‘अमित शाह सदन में आओ’ और ‘चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़’।