सबा हैदर बनीं इलिनॉय की पहली दक्षिण एशियाई महिला प्रतिनिधि
सबा हैदर की ऐतिहासिक जीत
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 6 नवंबर - भारत में जन्मी डेमोक्रेट सबा हैदर ने इलिनॉय प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। वह राज्य की जनरल असेंबली में चुनी जाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बन गई हैं। हैदर ने 3 नवंबर को हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में 84वें डिस्ट्रिक्ट से 70.9 प्रतिशत वोट हासिल किए।
उन्होंने कुल 20,756 मत प्राप्त किए, जबकि उनकी रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को 8,520 वोट, यानी 29.1 प्रतिशत मिले। हैदर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “हमने यह कर दिखाया। पिछले 15 महीनों में हमने 84वें डिस्ट्रिक्ट के हर कोने में मतदाताओं तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की।”
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने जानने की कोशिश की कि मतदाताओं के लिए क्या महत्वपूर्ण है और वे किस प्रकार के बदलाव की अपेक्षा रखते हैं। हैदर ने अपने चुनाव अभियान को ‘जमीनी स्तर पर लोगों की भागीदारी से संचालित आंदोलन’ के रूप में वर्णित किया।
उन्होंने कहा, “यह चुनाव उन लोगों के बारे में था, जो इस समुदाय को अपना घर मानते हैं। यह उस भविष्य के निर्माण की कोशिश थी, जिसके हम सभी हकदार हैं।”
हैदर ने अपनी जीत को उन सभी की जीत बताया, जो एक ऐसे इलिनॉय में विश्वास करते हैं, जहां सभी के साथ समानता और न्याय हो। इलिनॉय की विधायिका में शामिल होने से पहले, हैदर ड्यूपेज काउंटी बोर्ड की सदस्य और सामुदायिक कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं।
हैदर का परिवार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से है और वह लगभग 20 साल पहले अमेरिका आई थीं। उन्होंने अपने चुनाव अभियान के दौरान कहा था, “मैंने अपना जीवन उस समुदाय की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है, जिसने मुझे और मेरे परिवार को इलिनॉय में अपना घर बसाने में मदद की।”
हैदर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की पूर्व छात्रा हैं, जहां से उन्होंने वन्यजीव विज्ञान में एमएससी की डिग्री प्राप्त की। एएमयू नेटवर्क ने उनकी जीत पर बधाई देते हुए इसे “विश्वविद्यालय समुदाय के लिए गर्व का क्षण” बताया।