समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान: रायबरेली में छात्रों को जोड़ा गया
रायबरेली में छात्र-नौजवान जागरूकता कार्यक्रम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी की गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर, लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रायबरेली के फिरोज गांधी महाविद्यालय में छात्र-नौजवान जागरूकता एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
विनीत कुशवाहा की उपस्थिति में सैकड़ों छात्रों को समाजवादी पार्टी से जोड़ा गया। उन्हें पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी दी गई।
इससे पहले, गुरुवार को एबीवीपी के सदस्यों ने समाजवादी छात्र सभा के कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न की थी। जिलाध्यक्ष शुभम लोहिया और उनके साथियों के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष, विधायकगण और हजारों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सभी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख महासचिव सिराज हुसैन, महासचिव रितेश पटेल, अवनीश यादव, उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव ‘रुद्र’, अमर यादव, आभास कृष्ण ‘कान्हा’ सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।