समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष से किसान नेताओं की मुलाकात, पुलिस बर्बरता का आरोप
किसान नेताओं की अखिलेश यादव से मुलाकात
लखनऊ। आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मेरठ के किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मेरठ के पूर्व पुलिस कप्तान अविनाश पाण्डेय द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के बारे में जानकारी दी। उनके साथ पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी भी उपस्थित थे।
दिग्विजय भाटी ने बताया कि वे और मोहित जाटव 17 अगस्त 2026 को लखनऊ में अखिलेश यादव से मिलने आए थे। उन पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। 19 अगस्त 2026 को पुलिस कप्तान अविनाश पाण्डेय ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया। वहां पहुंचते ही कप्तान ने गालियां देते हुए कहा कि तुम गूजर नेता बनते हो, तुम दलित हो। तुम सबको नेता बनाता हूँ।
इसके बाद उन्हें एक अलग कमरे में ले जाकर बुरी तरह से पीटा गया। उनके पैर बांधकर उन पर अत्याचार किया गया। दिग्विजय भाटी की आंख पर गंभीर चोट आई, जबकि मोहित जाटव को भी यातनाएं दी गईं। उन्होंने बताया कि रात में उन्हें सिविल लाइंस थाने लाया गया और फिर जीप में बैठाकर 3-4 किलोमीटर तक घुमाया गया।
इस बीच, विधायक अतुल प्रधान ने सूचना मिलने पर जीप के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और पुलिस के व्यवहार पर विरोध जताया। इसके बाद उन्हें छोड़ा गया, लेकिन अभी तक उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी भाटी और जाटव को न्याय दिलाने में मदद करेगी। पार्टी उनके साथ है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। समाजवादी सरकार बनने पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।