समाजवादी पार्टी में भाजपा को झटका, कई नेता हुए शामिल
समाजवादी पार्टी का कुनबा बढ़ा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) का संगठन और भी मजबूत होता जा रहा है। हाल ही में कई प्रमुख नेताओं ने सपा का दामन थामा है। शनिवार को भाजपा को एक बड़ा झटका लगा, जब अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र अदनान, अशरफ खान और महेश कुमार बबलू जैसे नेताओं ने सपा में शामिल होने का निर्णय लिया। इन नेताओं को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान में भाजपा सबसे बड़ा संकट है और इसे सत्ता से हटाने पर ही समस्या का समाधान होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता अब यह महसूस कर रहे हैं कि कमल का फूल मुरझा गया है, इसलिए वे अब राधे राधे कहने लगे हैं। उन्होंने नए सदस्यों को आश्वासन दिया कि भाजपा उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती और पार्टी उनका पूरा समर्थन करेगी। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। पिछले एक दशक से कई अधिकारी एक ही पद पर बने हुए हैं, जिन्हें हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता – 21/11/2026 https://t.co/bconvwlnlA
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 21, 2026
उन्होंने भाजपा द्वारा 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने के संबंध में दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान नहीं आ रहे हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि भाजपा को यह जानकारी कैसे मिली। इस दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा दिया और इससे संबंधित एक नया वीडियो भी प्रस्तुत किया।