समाजवादी महिला सभा की पुनीता सिंह और सांसद इकरा हसन की महत्वपूर्ण मुलाकात
महिला नेताओं की मुलाकात
लखनऊ। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं गाजीपुर सदर विधानसभा की प्रभारी पुनीता सिंह (खुशबू) की कैराना सांसद इकरा हसन से हाल ही में हुई मुलाकात ने राजनीतिक जगत में हलचल मचा दी है। यह शिष्टाचार भेंट कैराना स्थित सांसद आवास पर हुई, जहां दोनों नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, महिला नेतृत्व, सामाजिक न्याय, युवाओं की भागीदारी और प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन चर्चा की।
इस अवसर पर, पुनीता सिंह ने अपने तीन वर्षों के सामाजिक, राजनीतिक और जनहित कार्यों की उपलब्धियों को एक स्मारिका के रूप में सांसद इकरा हसन को भेंट की। सांसद ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनसंपर्क और जनसंघर्ष आधारित राजनीति लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
मुलाकात के दौरान, पुनीता सिंह ने बताया कि महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर 23 जुलाई से 11 दिवसीय 'समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा' का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा सदर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 375 गांवों तक पहुंचेगी और सामाजिक न्याय, भाईचारा, संविधान की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों पर संवाद स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं, युवाओं, किसानों और मजदूरों को जोड़कर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा।
सांसद इकरा हसन ने यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर संवाद और संघर्ष की आवश्यकता है। साथ ही, उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि इन दो युवा महिला नेताओं की मुलाकात केवल एक शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि संगठनात्मक सक्रियता और जनाधार विस्तार के संकेत भी देती है। वहीं, 23 जुलाई से प्रस्तावित साइकिल यात्रा को लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह और तैयारियों का माहौल बढ़ गया है।