सर्जियो गोर का जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दौरा: उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया
सर्जियो गोर का दौरा
सर्जियो गोर का जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दौरा: अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर दो दिवसीय यात्रा पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पहुंचेंगे। इस यात्रा को कश्मीर मुद्दे पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह अमेरिकी राजदूत से क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा करेंगे, लेकिन वॉशिंगटन के सामने आंतरिक मुद्दों को उठाने से मना कर दिया।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा, "काफी समय बाद अमेरिका का कोई राजदूत जम्मू-कश्मीर आ रहा है। मुझे भी किसी अमेरिकी राजदूत से मिले हुए काफी समय हो गया है। उन्हें आने दीजिए; हम बैठकर बात करेंगे।" हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह राजदूत की बात सुनना चाहेंगे, क्योंकि "वह (गोर) भी सुनने ही आ रहे हैं। देखते हैं कि आज दोपहर जब वह मिलने आएंगे तो किस तरह की बातचीत होती है।"
अब्दुल्ला ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर के मुद्दों का अमेरिका से कोई सीधा संबंध नहीं है, क्योंकि इनका समाधान वॉशिंगटन से नहीं, बल्कि केंद्र सरकार से ही होगा। उन्होंने कहा, "दूसरे देश के राजदूत के सामने अपने देश की शिकायत करना मेरी आदत नहीं रही है। हमारे मुद्दों का समाधान वॉशिंगटन से नहीं मिलेगा; हमारी समस्याओं का समाधान हमारी केंद्र सरकार के पास है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मेरा मानना है कि दूसरे देश के राजदूत के सामने अपने देश की शिकायत करना बहुत गलत होगा। ऐसी मेरी आदत नहीं है।" उन्होंने यह भी कहा कि वह जम्मू-कश्मीर और "हमारी मौजूदा स्थिति पर चर्चा करेंगे, लेकिन न तो मैं कोई शिकायत करूंगा और न ही उनसे अपनी शिकायतों का समाधान मांगूंगा।"