सिख जत्थे को ननकाना साहिब जाने की अनुमति न देने पर परगट सिंह की कड़ी आलोचना
सिख जत्थे की अनुमति पर विवाद
-श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सुरक्षा कारणों का हवाला देकर सिख जत्थे को मंजूरी न देने की परगट सिंह ने की कड़ी निंदा
-परगट बोले- राहुल गांधी ऐसा चेहरा हैं जो पंजाब की नब्ज और दर्द को अच्छी तरह समझते हैं
चंडीगढ़: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने नवंबर में आने वाले सिखों के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सिख जत्थे को पाकिस्तान जाने की अनुमति न देने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच की अनुमति दे सकती है, तो फिर सिख जत्थे को ननकाना साहिब जाने से क्यों रोका जा रहा है।
परगट सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट, व्यापार और फिल्मों पर अपनी सुविधानुसार रोक और छूट देना केंद्र के दोहरे मापदंड को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म पर प्रतिबंध और केंद्रीय गृह मंत्री के बेटे द्वारा संचालित क्रिकेट के लिए पाकिस्तान से खेलने की अनुमति इस बात का संकेत है कि केंद्र की बीजेपी पंजाबियों के प्रति कितनी नफरत रखती है।
सुरक्षा कारणों का हवाला देकर केंद्र सरकार सिख श्रद्धालुओं के साथ अन्याय कर रही है। उनका मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाक के बीच सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा है, लेकिन यह एक संवेदनशील मामला है। केंद्र सरकार को सिख श्रद्धालुओं की भावनाओं का ध्यान रखते हुए कोई समाधान निकालना चाहिए, ताकि वे दर्शन करने से वंचित न रहें और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
परगट सिंह ने कहा कि पाकिस्तान स्थित नानकाना साहिब में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के निर्णय पर केंद्र सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। 1950 और 1974 में हुए समझौतों के तहत सिख श्रद्धालुओं को चार अवसरों पर पाकिस्तान जाने की अनुमति दी गई थी, जिसमें बैसाखी, श्री गुरु अर्जुन देव की शहीदी दिवस, महाराजा रणजीत सिंह की शहीदी दिवस और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व शामिल हैं।
इस वर्ष पहले केंद्र सरकार ने महाराजा रणजीत सिंह के शहीदी पर्व पर भी पाकिस्तान जत्था भेजने से मना कर दिया था और अब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर जत्थे को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यह धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है और उन्हें लगता है कि पाकिस्तान को भी इसमें कोई आपत्ति नहीं होगी।
वहीं, पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के संदर्भ में परगट सिंह ने कहा कि राहुल गांधी एक ऐसा चेहरा हैं जो पंजाब की नब्ज और दर्द को अच्छी तरह समझते हैं। वह हमेशा संकट के समय में पंजाब और पंजाबियों के साथ खड़े रहते हैं। वह पंजाब की आवाज को लोकसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। परगट सिंह ने कहा कि पंजाब के लोगों को अब बाढ़ का पानी उतरने के बाद पुनर्वास के लिए अधिक मदद की आवश्यकता है।