सीएम योगी ने टाटा मोटर्स की 10 लाखवीं गाड़ी का किया फ्लैग ऑफ
लखनऊ में टाटा मोटर्स का ऐतिहासिक क्षण
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टाटा मोटर्स द्वारा निर्मित 10 लाखवीं गाड़ी का फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स ने अपने 34 वर्षों के सफर में आज अपनी दस लाखवीं बस का अनावरण किया है, जिसके लिए मैं दिल से बधाई देता हूं।
सीएम ने उन कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी मेहनत से यह महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल हुआ है। यह बस अब सार्वजनिक परिवहन के रूप में आम लोगों को सुविधा प्रदान करेगी। यह कार्यक्रम केवल औद्योगिक क्रांति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश को एक वैश्विक निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह एक मील का पत्थर है, जो नए भारत और उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने का प्रतीक है। यह यात्रा रुकने के लिए नहीं है, बल्कि उन ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए है जहां हर चेहरे पर खुशहाली लाई जा सके।
सीएम योगी ने कहा कि जब हम मोमेंटम की बात करते हैं, तो यह केवल 'M' नहीं होता, बल्कि जहां जनसंख्या होती है, वहां गति भी होती है। उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ की जनसंख्या में 56% युवा हैं। हमने युवाओं को कौशल, नवाचार और प्रौद्योगिकी से जोड़ने का जो अभियान चलाया है, वह प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
हमने टाटा मोटर्स की बसों में यात्रा की है और उनके भारी वाहनों को अंतिम मील तक सामान पहुंचाते हुए देखा है। टाटा हमेशा समाज की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए खड़ा रहा है।
टाटा का मतलब है विश्वास। टाटा का निर्माण इसलिए हो रहा है क्योंकि उनके संस्थापकों और नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। यह विश्वास हर भारतीय और उन देशों में मजबूत होता है जहां टाटा का निर्माण होता है।