सीएम योगी ने राम मंदिर दान चोरी विवाद पर दी सफाई, भक्तों से की 15 दिन इंतजार करने की अपील
राम मंदिर दान चोरी विवाद पर सीएम योगी का बयान
राम मंदिर दान चोरी विवाद: अयोध्या में राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ₹378 करोड़ से अधिक की लागत वाली 126 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही वीरांगना झलकारी बाई की मूर्ति का अनावरण भी किया। सीएम ने राम भक्तों से अपील की कि वे एसआईटी जांच की रिपोर्ट आने तक 15 दिनों का इंतजार करें।
सीएम योगी ने इस विवाद पर विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी के दोहरे चरित्र को देखिए, जो राम भक्तों का अपमान कर रहे हैं। जो लोग कारसेवकों पर लाठी चलाते हैं, वे आज उपदेश देने आए हैं। मेरी अपील है कि सभी राम भक्तों को धैर्य रखना चाहिए। अयोध्या के बारे में जो भी समाचार आ रहे हैं, हम ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच करवा रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि दूध का दूध और पानी का पानी होगा।"
उन्होंने आगे कहा, "राम भक्तों से मेरी विनम्र अपील है कि हमें भगवान राम ने मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। हमारे पूर्वजों ने 500 वर्षों तक रामजन्मभूमि के लिए संघर्ष किया है। 15 दिन और इंतजार करें, लेकिन अयोध्या और रामजन्मभूमि को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं। ये लोग कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्या का नाम हो और उसका सम्मान मिले।" उन्होंने कहा कि एसआईटी गठित की गई है और सच सामने आएगा।